जल भराव की समस्या से आजिज होकर लोगों ने शुरू किया धरना प्रदर्शन

बहराइच। सही तरीके से जल की निकासी के लिए नहीं किया गया कोई उपाय जिससे शहर में लोग जलभराव की समस्या से लोग परेशान हैं। जिसके चलते सोमवार को सभी गुस्सा भड़क गया। सभी ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। मिली जानकारी अनुसार मोहल्ला बक्शीपुरा नईबस्ती और चांदमारी में काफी मात्रा में जलभराव है। जलभराव की समस्या से मोहल्ले के लोगों का जन जीवन प्रभावित हो रहा है। इसकी शिकायत मोहल्ले के लोगों ने कई बार नगर पालिका परिषद के अधिकारियों से की लेकिन समस्या का हल अभी तक नहीं हुआ। इससे परेशान होकर लोग सोमवार को रणजीत सिंह इंटर कॉलेज के निकट धरने पर बैठ गए। लोगों ने बताया कि जलभराव की समस्या से 25 से 30 हजार की आबादी प्रभावित है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नगर पालिका की अधिशाषी अधिकारी प्रमिता सिंह और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जल्द ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने करीब एक घंटे चला प्रदर्शन समाप्त कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में महेश, सोनू संतोष त्रिपाठी, रवीन्द्र दुबे, भानु द्विवेदी, केएन मिश्रा, रिशु कश्यप, सुमन सिंह सहित कई लोग शामिल हुए ।




