पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर की न्याय की मांग

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र शोहरतगढ़़ के ग्राम पंचायत नियांव निवासिनी सरिता चौरसिया ने अपनी नाबालिग पुत्री सुमित्रा का अपरहण कर उसकी आबरू लूट लेने की लिखित शिकायत पत्र देने के बावजूद शोहरतगढ़ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जब स्थानीय थाना पर पीड़िता की कोई सुनवाई नहीं हुई तब पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर को लिखित शिकायत पत्र देकर गांव के बगल स्थित चोड़ार गांव निवासी चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर, न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता मां सरिता ने कहा कि विगत 21 फरवरी की रात मेरी नाबालिग पुत्री को हमारे गांव के बगल चोड़ार निवासी कृष्ण पाल चौरसिया, विजय पाल चौरसिया, राहुल चौरसिया, गोविन्द चौरसिया आदि ने बहला फुसलाकर कर उसका अपहरण कर लिया और उसकी आबरू लूट ली। इसके बाद मेरी पुत्री को इन लोगों ने अपने नजदीकी रिश्तेदार राहुल चौरसिया निवासी ग्राम कसौली थाना कोल्हुई बाजार जिला महाराजगंज के यहां ले जाकर छोड़ दिया। एक हफ्ते बाद राहुल के पिता ने मेरी बेटी को वहां से लाकर चोड़ार चौराहा पर छोड़ दिया और फरार हो गये।सुमित्रा ने घर पहुंचने पर रोते हुए अपने साथ घटी घटना को मां सरिता को बताई। मां सरिता ने इसकी लिखित शिकायत शोहरतगढ़ पुलिस को दिया शोहरतगढ़ पुलिस ने जब मुकदमा दर्ज नहीं किया तब मां सरिता ने 10 मार्च को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर अभिषेक महाजन को घटना की जानकारी दी। मां सरिता देवी ने कहा कि दोषी ने जिस दिन मेरी बेटी को भगा ले गये, उसी दिन पुलिस को लिखित शिकायत पत्र दिया गया था, मगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की बजाए मामले को उलझाए रखा। मां सरिता ने कहा कि उक्त सभी लोग मनबढ़ किस्म के है और धमकी दे रहे हैं कि पुलिस को बताया तो ठीक नहीं होगा। इस सम्बन्ध में शोहरतगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया की मामला संज्ञान में है जांच की जा रही है।




