परिवार और समाज में करें स्त्रियों का सम्मान

सिद्धार्थनगर। रविवार को जनपद के उस्का विकास खंड के खुटवा ग्राम में गौतम बुद्ध जागृति सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित महिला सम्मान में मुख्य वक्ता डॉ सीमा मिश्रा ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं जागरूक हों। वे अपने पति और बेटे को सिखाएं कि वे नशा न करें। स्वस्थ समाज के लिए नशा मुक्त समाज होना चाहिए। पुरुष विभिन्न प्रकार के कार्यों में परिवार का सहयोग कर सकते हैं। महिलाएं घर का भी कार्य करती हैं और बाहर का भी कार्य करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि स्त्रियों की पूजा जिस घर में नहीं होगी, वहां सारी पूजा निष्फल होगी। जो पुरुष घर में अपनी महिलाओं का सम्मान करते हैं, वही पुरुष बाहर भी महिलाओं का सम्मान करते हैं। पुरुष और स्त्री मिलकर एक सुंदरतम समाज का निर्माण कर सकते हैं। कवयित्री सलोनी उपाध्याय ने कहा कि वास्तव में गांव में रहकर ही महिलाएं स्वावलंबी बन रही हैं। जब बेटियां गांव से बाहर जाएं तो बेटियां ऐसा कार्य न करें, जिससे आगे की बेटियों का मार्ग बंद न हो।स्त्री न हो तो दुनिया का अस्तित्व ही न होगा। समृद्धि श्री ने कहा कि महिलाएं अपने आप को सिद्ध करें तभी उनकी अहमियत बढ़ेगी। संचालन मृणाल ने किया। इस दौरान संस्थान के अध्यक्ष श्रीधर पांडेय, राणा प्रताप सिंह, दिव्या जायसवाल सहित अन्यान्य लोग उपस्थित रहे।




