इटवा क्षेत्र में दो दिनों से बारिश है जारी, तापमान में 7 डिग्री की गिरावट

इटवा/सिद्धार्थनगर। विकास क्षेत्र इटवा में मानसून पूरे रंग में है। दो दिनों से बारिश का दौर जारी है। 24 घन्टें के दौरान इटवा क्षेत्र में में 66 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश को देखते हुए सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी ने जनपद के सभी 1 से 8 तक की कक्षाओं के लिए स्कूल दो दिन तक बन्द कर दिया था। इस बीच दो दिनों के दौरान तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। किसानों के चेहरों पर मुस्कान आ गई है। वर्षा धान की फसल के लिए संजीवनी से कम नहीं है। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.2 और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस था। रविवार को अधिकतम तापमान 30.1 व न्यूनतम 28.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 28.0 व न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि कल तक भारी बारिश जारी रह सकती है। पिछले दिनों मानसून कमजोर हो गया था। इसकी वजह से मौसम काफी तीखा था। जुलाई में एक-दो दिन को छोड़ अधिकांश दिनों में तेज धूप के बीच उमस भरी गर्मी थी। लोगों को न रात को चौन मिल रहा था और न ही दिन में सुकून। तापमान में बढ़ोत्तरी भी बनी हुई थी। किसान खेतों में रोपे गये पौधों को देखकर चिन्तित थे। पौधे पीले पड़कर सूखने लगे थे। मगर दो दिनों से रिमझिम और तेज बारिश से मानसून ने फिर तीव्रता पकड़ ली है। आज सुबह से बारिश का दौर जारी है। इस दौरान साइकिल पर जाने वाले राहगीर भागते हुए घर जाते दिखाई दिये। बाइक पर सवार लोग भी भीगते नजर आयें। कुछ लोग छाता का सहारा लिए दिखाई दिये। बारिश से गर्मी से राहत मिली है और खेतों में भी पानी भर गया है। इससे पौधों को अब हरियाली मिलेगी। राज्य कृषि मौसम केन्द्र प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि मानसून फिर से तीव्रता पकड़ ली है। अगले दो दिनों के मध्य हल्की से मध्यम और कभी-कभी भारी बारिश की सम्भावना है।




