डुमरियागंज में अपार आईडी सृजन को लेकर प्रशिक्षित हुए शिक्षक
एकदिवसीय प्रशिक्षण में जुटे समस्त प्रकार के विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व इंचार्ज प्रधानाध्यापक

डुमरियागंज। डुमरियागंज विकास क्षेत्र के समस्त प्रकार के विद्यालयों में छात्रों की अपार आईडी सृजन में तेजी लाने व यूडायस प्लस पोर्टल फीडिंग को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन गुरुवार को किया गया। ब्लॉक संसाधन केंद्र डुमरियागंज के मीटिंग हॉल में आयोजित कार्यशाला में जिला एमआईएस इंचार्ज अमित पाण्डेय ने कहा कि समस्त प्रकार के प्रत्येक विद्यालय में अपार आईडी प्रत्येक छात्र का बनना हैं। इसके लिए सभी शिक्षक पूरी जानकारी के साथ अपना कार्य करें। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निजी, मान्यता प्राप्त व परिषदीय स्कूलों के छात्रों का पूर्ण विवरण यूडायस पोर्टल पर भरा जाना है। इसके बाद अभिभावकों से अनुमति लेकर अपार आईडी बनाया जाना है। क्षेत्र में कई ऐसे स्कूल हैं जिसके जिम्मेदार इस कार्य में कोई रुचि नहीं दिखा रहे हैं। ऐसे लोग गंभीरता से कार्य पूर्ण करें अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई किया जाना तय हैं। प्रशिक्षण में एमआईएस इंचार्ज ने जरूरी जानकारी देते हुए कहा अभिभावक से अनुमति मिलने के बाद स्कूल प्रशासन को यूडायस प्लस पोर्टल पर नाम, जन्म तिथि और आधार संख्या सहित छात्रों का पूरा विवरण सत्यापित करना होगा। इसके बाद स्कूल यूडायस प्लस पोर्टल का यूज करके अपार आईडी जनरेट करेंगे। जो छात्रों के डिजिटलाइज्ड अकाउंट से सिक्योर रूप से जोड़ दिए जाएंगे। छात्रों की शैक्षिक प्रगति और उपलब्धि को ट्रैक किए जाने हेतु भारत सरकार द्वारा विकसित यू डायस पोर्टल पर आधार आईडी की प्रक्रिया गतिमान है। ऐसे में समस्त जिम्मेदार गंभीरता के साथ कार्य को जल्द से जल्द पूरा करें। इस मौके पर ब्लॉक एमआईएस प्रेम प्रकाश चौबे, नफीस हैदर रिजवी, अभिषेक सिंह, अमित मिश्रा, विजय श्रीवास्तव, तौकीर हसन रिजवी, बृजभूषण, रुस्तम अली ,मनोज द्विवेदी ,अंबिका प्रसाद आदि लोग मौजूद रहे।




