संदिग्ध परिस्थितियों में 25 वर्षीय विवाहिता की हुई मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

बांसी। पथरा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रमवापुर तिवारी में रविवार शाम एक विवाहिता की मृत्यु हो गई। मृतका का नाम मन्ना देवी पत्नी संतोष अग्रहरि (25)है। मृतका की मां ने थाने में तहरीर देकर पति, सास,ससुर व ननद पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव का पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। त्रिलोक पुर थाना क्षेत्र के ग्राम त्रिलोक पुर तिवारी निवासी सुमिरन अग्रहरि की पुत्री का विवाह 22मई 2021 को पथरा थाना क्षेत्र के ग्राम रमवापुर तिवारी निवासी संतोष अग्रहरि से हुआ था। मृतका की मां विद्यावती देवी ने बताया कि शादी के बाद अधिक दहेज के लिए पति ,ससुर राम तीरथ, सास विमला देवी, देवर अजय व ननद प्रमिला आये दिन मृतका को प्रताड़ित करते थे।यह बात मृतका मायके वालों को फोन पर बताती थी। घटना के दिन भी ऐसे ही झगड़ा हो रहा था। तब सभी लोग लामबंद हो गये और हमारी पुत्री को मार डाला। सूचना पर जब हम लोग पहुंचे तो मेरी बेटी मृत अवस्था में पड़ी थी।वहीं ग्रामीणों में चर्चा है कि देर शाम पति पत्नी में झगड़ा हो रहा था, इसी दौरान मारपीट होने लगी, इस बीच मृतका को कहीं गंभीर चोट लग गई। डुमरियागंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।




