देवरिया : एस बी टी में धूमधाम के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस
सभ्य और शिक्षित समाज का निर्माण करने में शिक्षक की अहम् भूमिका होती है- चेयरमैन एम एन त्रिपाठी

दैनिक बुद्ध का संदेश
गौरी बाजार/देवरिया। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित एस बी टी पब्लिक स्कूल विशुनपुरा बखरा में गुरुवार को शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के चेयरमैन श्री एम एन त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलन कर तथा मां सरस्वती व डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस शुभ अवसर पर बैंक आफ बड़ौदा के प्रबंधक व उनके सहयोगी भी मौजूद रहे।सभी शिक्षकों ने मिलकर केक काटा और सर्वपल्ली राधाकृष्णन के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के चेयरमैन श्री त्रिपाठी ने कहा कि डाक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने शिक्षा के उत्थान में अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके सपनों के भारत को धरातल पर लाने का प्रयास करना हम सभी शिक्षकों का दायित्व है।शिक्षक समाज का दर्पण होता है। समाज में व्याप्त बुराइयों को कुचलने में शिक्षक की अहम् भूमिका होती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दिवाकर पाण्डेय ने कहा कि एक आदर्श शिक्षक अपनी लेखनी द्वारा समाज को जाग्रत करता है। भविष्य की नई राह दिखाने वाले को शिक्षक कहते हैं। शिक्षक को समाज का सजग प्रहरी होना चाहिए। अपने आचरण, व्यवहार से शिक्षक समाज का मार्गदर्शन करते हैं।शिक्षक से बड़ा कोई नहीं। ज्ञान, दान, यज्ञ, आदि कार्यों में गुरु की जरूरत होती है। इसलिए शिक्षक का दर्जा भगवान से ऊपर माना गया है। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा सभी शिक्षक शिक्षिकाओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मुख्य समन्वयक अंबरीश त्रिपाठी, प्रशासक अबू दानिश व सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



