बांसी : उत्पीड़न को लेकर पंचायत सहायको का ब्लॉक पर धरना प्रदर्शन


दैनिक बुद्ध का संदेश
बांसी,सिद्धार्थनगर। ग्राम प्रधानों द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न तथा ग्राम पंचायत पिपरा दोयम के प्रधान द्वारा पंचायत सहायिका पूनम की सेवा समाप्ति की कारवाई को लेकर बुधवार को खेसरहा ब्लाक परिसर में ब्लाक अध्यक्ष राघवेन्द्र मिश्रा की अगुवाई में धरना प्रदर्शन किया। ब्लाक अध्यक्ष राघवेन्द्र मिश्रा ने कहा कि ब्लाक के अधिकांश ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन अपूर्ण हैं।
ग्राम प्रधान भुगतान संबंधी कार्य ब्लाक में तैनात आपरेटर के माध्यम से करवाते हैं जबकि पंचायत सहायकों की नियुक्ति इसी कार्य के लिए हुई है। ग्राम प्रधानों द्वारा कम्प्यूटर वगैरह पंचायत भवन में न रखकर अपने घर पर रखा जा रहा है तथा उससे अपना व्यक्तिगत कार्य किया जा रहा है। जब पंचायत सहायक इस संबंध में प्रधान से कहते हैं तब वेतन रोकने तथा सेवा समाप्ति की धमकी दी जाती है। पंचायत सहायिका पूनम ने ग्राम प्रधान अनिल चौधरी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दस माह से ग्राम प्रधान द्वारा मेरे मानदेय का भुगतान नहीं किया गया । जबकि ग्राम पंचायत में अन्य मदों पर भुगतान हुआ है। जब इस संबंध में प्रधान से पूछा तो वह आवास पर मिलने की बात करने लगे। पंचायत सहायकों ने बीडीओ के माध्यम से मुख्यमंत्री, पंचायत राज मंत्री, जिलाधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन दिया है। तथा कारवाई न होने पर सामुहिक इस्तीफा देने की चेतावनी भी दी है। धरने में नितेश कुमार, विवेक दूबे, गौरीशंकर राय, सुनील कुमार, महेंद्र भारती,गौरव कनोजिया,परवेज आलम,सुनील पासवान,सुनील मद्देशिया शिवानी,खुशबू,प्रेमसुधा,नीतू समेत कई दर्जन पंचायत सहायक मौजूद रहे।




