सिद्धार्थनगर : 22 फरवरी से निराश्रित गोवंश को पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित करने का अभियान शुरू

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख योजनाओं में से एक गौ संरक्षण अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी, सिद्धार्थनगर के निर्देश के क्रम में दिनांक 22 फरवरी 2023 दिन बुधवार को जनपद सिद्धार्थनगर के खेतों, सड़कों पर विचरण कर रहे निराश्रित गोवंश को पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित करने का अभियान पूरे जनपद में चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर द्वारा जनपद के सभी उप जिलाधिकारी के निगरानी में सभी खंड विकास अधिकारियों, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के सभी अधिशासी अधिकारी कों निर्देशित किया है कि 22 फरवरी को सुबह 6ः00 बजे से सायं 5ः00 बजे तक अपनी पूरी टीम के साथ निराश्रित, घुमंतू गोवंश को पकड़कर अपने नजदीकी गौशाला में पहुंचाएंगे। इस अभियान में जो टीम लगाई गई है उसमें विकास विभाग,नगर निकाय विभाग,कृषि विभाग,राजस्व विभाग एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों के आपसी समन्वय से यह अभियान संपन्न कराना है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों को प्रत्येक ब्लॉक के नोडल अधिकारी के रूप में भी नामित किया गया है जिसमें नौगढ़ ब्लाक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, बर्डपुर में जिला समाज कल्याण अधिकारी, उसका बाजार में जिला दिव्यांग जन कल्याण अधिकारी, लोटन में जिला युवा कल्याण अधिकारी, जोगिया में भूमि संरक्षण अधिकारी, शोहरतगढ़ में अपर मुख्य जिला पंचायत अधिकारी, इटवा में जिला कृषि अधिकारी, खूनियाव में जिला कृषि रक्षा अधिकारी, बढ़नी में सहायक आयुक्त निबंधक, बासी में जिला सांख्यिकी अधिकारी, मिठवल में जिला प्रोवेशन अधिकारी, खेसरहा में जिला आबकारी अधिकारी, डुमरियागंज में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, भनवापुर में जिला पूर्ति अधिकारी नोडल बनाए गए हैं। इस पूरे अभियान की मानिटरिंग के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी के कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। प्रभारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ आरबी यादव ने सभी जनपद वासियों से इस अभियान में भाग लेकर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए अपील भी की है। जिससे सभी निराश्रित गोवंश जो सड़कों पर इधर-उधर घूम रहे हैं या जो खेतों में नुकसान कर रहे हैं ऐसे गोवंश को पकड़कर हम गौशालाओं पर संरक्षित करने का कार्य करेंगे। उक्त जानकारी पशुधन प्रसार अधिकारी अरुण कुमार प्रजापति ने दी है। saurabh tripathi




