हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में आदर्श चौधरी ने किया नाम रोशन, 92.33 प्रतिशत अंक हासिल कर बने विद्यालय टॉपर

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती। गन्ना विकास इण्टर कॉलेज मुण्डेरवा के छात्र आदर्श चौधरी ने हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 92.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वाेच्च स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेन्द्र सिंह ने आदर्श चौधरी की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल छात्र की मेहनत का परिणाम है, बल्कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का भी फल है। उन्होंने बताया कि आदर्श शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं और उन्होंने अपनी लगन व अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। आदर्श चौधरी पुत्र प्रदीप चौधरी जो ग्राम धौरहरा गोचना, पोस्ट मुण्डेरखा के निवासी हैं, ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों आदर्श चौधरी के बड़े पिता हरिशंकर चौधरी व विजय कुमार चौधरी (अध्यापक) को दिया है। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से उन्हें यह सफलता मिली। विद्यालय परिवार ने भी इस अवसर पर आदर्श चौधरी को सम्मानित किया।




