बलरामपुर नगर में गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी पकड़ी गई,जनता में आक्रोश

दैनिक बुद्ध का संदेश
बलरामपुर। धर्मपुर स्थित गैस गोदाम से ग्रामीणों ने एक ई रिक्शा पर लदे नौ भरे और एक खाली सिलेंडर को पकड़ कर पूर्ति निरीक्षक के हवाले कर दिया। बाद में सभी सिलेंडरों को राप्ती गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया। जिला पर्ू्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु ने मामले की जांच पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार व वीरेंद्र कुमार को सौंपी है। बुधवार को सुबह लगभग 11 बजे गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने गये ग्रामीणों ने एक ई रिक्शे पर दस सिलेंडर ले जा रहे व्यक्ति को रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया। रिक्शा चालक सिलेंडर छोड़कर भाग खड़ा हुआ। मामले की सूचना डीएसओ को दी गई। मौके पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक वीरेंद्र कुमार ने उक्त सिलेंडर के उपभोक्ताओं के बारे में जानकारी लेनी शुरू की लेकिन किसी ने भी उस पर दावा नहीं किया। बाद में सभी सिलेंडर लिखापढ़ी कर गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि रिक्शा चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


