2.02 करोड़ की तीन परियोजनाओं को मंजूरी, नगर क्षेत्रों में सुधरेगी सड़क व जलनिकासी व्यवस्था

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत शोहरतगढ़ व बढ़नी क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत 2.02 करोड़ रुपये की लागत से तीन महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। विधायक विनय वर्मा ने बताया कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और लोगों को आवागमन व जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था मिलेगी। उन्होंने बताया कि पहली परियोजना के अंतर्गत नगर पंचायत शोहरतगढ़ के अंबेडकर नगर मुख्य मार्ग से जुड़े विभिन्न मार्गों पर नाली, क्रासिंग व सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिसकी लागत 54.27 लाख रुपये निर्धारित की गई है। दूसरी परियोजना में अटल नगर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर नाली, कर्बिंग व इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर 52.87 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं तीसरी परियोजना नगर पंचायत बढ़नी बाजार के वार्ड संख्या-2 मुडिला खास क्षेत्र में विभिन्न मार्गों पर सीसी सड़क व नाली निर्माण से संबंधित है, जिस पर 94.85 लाख रुपये की लागत आएगी। विधायक विनय वर्मा ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से नगर क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी और सड़कों की स्थिति में सुधार आएगा। इससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं।




