बघेल तालाब को लेकर उपजा विवाद, जांच में जुटा प्रशासन

दैनिक बुद्ध का सन्देश
पयागपुर बहराइच। बहराइच के पयागपुर तहसील क्षेत्र में तालाब बघेल को लेकर विवाद तेज हो गया है। भगत पुरवा निवासी प्रमोद कुमार सिंह ने जिलाधिकारी अक्षय कुमार त्रिपाठी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने तालाब से जुड़े निर्माण कार्यों के कारण फसलों और ग्रामीणों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और उपजिलाधिकारी पयागपुर की तीन सदस्यीय टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण के आदेश दिए। टीम ने मौके पर पहुंचकर राजस्व, पुलिस और मत्स्य विभाग के अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान शिकायत में दर्ज गाटा संख्या 717 और 722 की लेखपाल द्वारा नापी भी कराई गई। प्रमोद कुमार सिंह का आरोप है कि मत्स्य विभाग ने 439 हेक्टेयर भूमि पीवीआर कंपनी को एग्रीमेंट पर दी है, जिसके तहत बनाए गए बांध से तालाब का पानी गांव की ओर फैल रहा है। इससे किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, दूसरी ओर राहुल चौधरी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनके द्वारा ऐसा कोई बांध नहीं बनाया गया है, जिससे क्षेत्र में नुकसान हो। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल व्यवसाय करना है, किसी प्रकार का विवाद खड़ा करना नहीं।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।




