पयागपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप; क्षेत्र में मचा हड़कंप

पयागपुर (बहराइच)।
स्थानीय थाना क्षेत्र के मलूक सिंह पुरवा (झाला तरहर) में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, ग्रामीणों ने शव का रात्रि में गुपचुप अंतिम संस्कार किए जाने का सनसनीखेज दावा किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद गोंडा के चाईनपुरवा (साईजोत) निवासी भानू केवट ने थाना पयागपुर में तहरीर देकर बताया कि उसकी 23 वर्षीय बहन लक्ष्मी की शादी 26 अप्रैल 2024 को मलूक सिंह पुरवा निवासी दिलीप कुमार उर्फ श्रीधर के साथ हुई थी।
आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति, सास और ससुर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लक्ष्मी को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों का कहना है कि 1 अप्रैल 2026 को ससुराल पक्ष ने लक्ष्मी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
घटना के बाद ससुराल पक्ष उसे सीएचसी पयागपुर ले गया, जहां से जिला अस्पताल बहराइच रेफर किया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 3 अप्रैल को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इसी बीच गांव के मेवालाल केवट, मोहम्मद शफी और विक्रम बहादुर सिंह उर्फ लल्लन सिंह ने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे गौशाला के पास स्थित श्मशान घाट पर हिंदू रीति-रिवाजों के विपरीत शव का गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं फैल गई हैं।
मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।




