खेसरहा में पुलिया निर्माण की धीमी रफ्तार से ग्रामीण चिंतित, बरसात से पहले कार्य पूरा करने की मांग

दैनिक बुद्ध का संदेश/शशांक मिश्र
खेसरहा। विकास खंड खेसरहा के कुड़जादृसुरहीताल मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए जा रहे पुलिया निर्माण कार्य की धीमी प्रगति को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण लोगों को आशंका है कि यदि निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हुआ तो आवागमन बाधित हो सकता है और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि कुड़जादृसुरहीताल मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। निर्माण कार्य अधूरा रहने की स्थिति में बरसात के दौरान जलभराव और कीचड़ के कारण मार्ग पूरी तरह प्रभावित हो सकता है। ग्रामीण सत्यम पांडेय, पीयूष राय और शैलेश सहित अन्य लोगों ने बताया कि यह सड़क कई गांवों को जोड़ती है और दैनिक जरूरतों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका कहना है कि यदि बरसात शुरू होने से पहले पुलिया का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो लोगों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ेगा। वहीं निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार बेचन प्रसाद ने बताया कि पुलिया निर्माण कार्य प्रगति पर है। तकनीकी प्रक्रियाओं और आवश्यक निर्माण कार्यों के कारण कुछ समय लग रहा है, लेकिन कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि बरसात से पहले लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है, जिससे बरसात के दौरान यातायात प्रभावित न हो और क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।




