खेसरहा क्षेत्र में महीनों से बंद पड़ी पानी की टंकी का निर्माण, शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे चोरईताल के ग्रामीण

दैनिक बुद्ध का संदेश/शशांक मिश्र
खेसरहा। विकास खंड खेसरहा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चोरईताल के राजस्व गांव सुरहीताल में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी का कार्य कई महीनों से बंद पड़ा है। निर्माण कार्य ठप होने से ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की योजना अधूरी रह गई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत प्रत्येक गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी उद्देश्य से सुरहीताल गांव में पानी की टंकी का निर्माण शुरू कराया गया था, लेकिन लंबे समय से काम बंद होने के कारण परियोजना अधर में लटक गई है।ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी और आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था बेहद आवश्यक है। इसके बावजूद निर्माण कार्य रुका होने से ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। टंकी का निर्माण अधूरा होने के कारण गांव में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था भी शुरू नहीं हो सकी है।ग्रामीण संजय यादव ने बताया कि पानी की टंकी का निर्माण काफी समय से बंद पड़ा है, जिससे शुद्ध पेयजल मिलने की उम्मीद अधूरी रह गई है। जयराम यादव ने कहा कि यदि समय से निर्माण कार्य पूरा हो गया होता तो गांव के लोगों को पेयजल संकट से काफी राहत मिलती। वहीं हरिराम ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।ग्रामीण अनीता देवी ने बताया कि गांव की महिलाओं को आज भी पेयजल के लिए काफी परेशानियां उठानी पड़ती हैं। उनका कहना है कि पानी की टंकी बन जाने से लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य तत्काल दोबारा शुरू कराकर शीघ्र पूरा कराने की मांग की है, ताकि चोरईताल और सुरहीताल गांव के लोगों को जल जीवन मिशन योजना का लाभ मिल सके तथा शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके।




