स्वस्थनारी सशक्त परिवार अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

इटवा/सिद्धार्थनगर। स्थानीय सी,एच,सी इटवा मे सोमवार को स्वास्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत महिलाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस अवसर पर डॉ. संदीप द्विवेदी, नगर पंचायत अध्यक्ष विकास जयसवाल एवं समाजसेवी सुरेश मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। डॉ,संदीप द्विवेदी ने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वच्छता और समय पर टीकाकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि महिला स्वस्थ रहेगी तो पूरा परिवार और समाज स्वस्थ एवं सशक्त बनेगा। नगर अध्यक्ष विकास जयसवाल ने सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी और महिलाओं से इनका लाभ उठाने की अपील की।सुरेश मिश्रा ने महिलाओं को शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कई महिलाओं ने स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों ने मौके पर ही किया।अंत में सभी वक्ताओं ने महिलाओं से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहे ताकि परिवार और समाज को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा सकें।




