सब्जी तोड़ने गए किसान पर सांड का हमला, गंभीर रूप से घायल

दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। बांसी तहसील क्षेत्र के विकास खंड खेसरहा अंतर्गत छितही गांव में रविवार सुबह एक आवारा सांड के हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सांड को पकड़वाने की मांग की है।जानकारी के अनुसार, छितही गांव निवासी गया प्रसाद पुत्र बलेसर रविवार सुबह करीब छह बजे अपने खेत में सब्जी तोड़ने गए थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक सांड उनकी सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। जब उन्होंने उसे खेत से भगाने का प्रयास किया तो सांड अचानक उग्र हो गया और उन पर हमला कर दिया।हमले में गया प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बाएं हाथ और सीने की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और राहगीरों ने किसी तरह सांड को भगाकर उनकी जान बचाई। इसके बाद घायल किसान को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में सुधार है।ग्रामीणों का कहना है कि यह आवारा सांड लंबे समय से क्षेत्र में घूम रहा है और लगातार फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ लोगों के लिए भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर सांड को पकड़वाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।



