बलरामपुर रेलवे स्टेशन बना गुंडा टैक्स का अड्डा, यात्रियों से मारपीट, महिलाएं भी नहीं सुरक्षित

दैनिक बुद्ध का संदेश
बलरामपुर। जनपद के रेलवे स्टेशन परिसर में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दिनांक 30 मार्च 2026 को ट्रेन संख्या 15070 (गोरखपुर इंटरसिटी) से बलरामपुर पहुंचे यात्रियों को उस समय भयावह स्थिति का सामना करना पड़ा, जब स्टेशन के बाहर टैक्सी स्टैंड पर दबंगों द्वारा खुलेआम “गुंडा टैक्स” की वसूली की जा रही थी। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, 5-7 दबंग किस्म के व्यक्तियों द्वारा यात्रियों से जबरन पैसे वसूले जा रहे थे। विरोध करने पर यात्रियों के साथ मारपीट की गई, वहीं महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की की गई। इस दौरान स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। हालात बिगड़ते देख तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और टैक्सी स्टैंड संचालक के गुर्गों के चंगुल से यात्रियों को सुरक्षित निकाला। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो इस गंभीर मामले की पुष्टि करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन के बाहर अवैध वसूली और गुंडागर्दी अब आम बात हो गई है। आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। यात्रियों और आम जनता ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और रेलवे स्टेशन परिसर को गुंडा तत्वों से मुक्त कराया जाए, ताकि आम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।




