गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

नवीन शैक्षिक सत्र के प्रथम दिवस पर उच्च प्राथमिक विद्यालय महुई में हुआ नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत

दैनिक बुद्ध का संदेश
महुई। उच्च प्राथमिक विद्यालय महुई में नवीन शैक्षिक सत्र के प्रथम दिवस पर नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं एवं नवीन कक्षा में प्रोन्नत बच्चों का उत्साहपूर्वक स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे ग्राम प्रधान पप्पू चौरसिया का विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री अभय कुमार पांडेय एवं सहायक अध्यापक मुकेश कुमार द्वारा स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत नवप्रवेशी बच्चों को रोली-चंदन का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें प्लेट, कॉपी, पेन, चॉकलेट एवं गुलाब जामुन वितरित कर उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही नवीन कक्षा का फीता काटकर बच्चों को विधिवत प्रवेश दिलाया गया। इस अवसर पर हरी झंडी दिखाकर “स्कूल चलो अभियान” एवं “संचारी रोग जागरूकता कार्यक्रम” का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान पप्पू चौरसिया ने कहा कि सभी अभिभावक अपने बच्चों का नामांकन गांव के विद्यालयों में कराएं तथा बच्चे नियमित रूप से विद्यालय आकर अपने गुरुजनों के निर्देशों का पालन करें और शिक्षा प्राप्त कर देश का नाम रोशन करें। प्रधानाध्यापक श्री अभय कुमार पांडेय ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अमूल्य अधिकार है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा उन्हें नैतिक, संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने का आह्वान किया। वहीं सहायक अध्यापक मुकेश कुमार ने बच्चों को स्वच्छता एवं शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि यही उनके सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने बच्चों से प्रतिदिन विद्यालय आने, स्वच्छता अपनाने एवं अच्छा नागरिक बनने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा तथा बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में अध्यक्ष लाल कुमार, दिलीप चौरसिया, उस्मान अली, सचिन सोनी, पूनम, रेनू ज्ञानमती, विद्यावती, राधना, किसलावती, सुशीला, सुंदरी, यशोदा, निर्मला शांति देवी आदि लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!