तेज रफ्तार बस का कहर: सेमगढ़ा चौराहे पर युवक की मौत, दो गंभीर घायल

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। जनपद के बौंडी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सेमगढ़ा चौराहे पर उस समय हुआ, जब कुछ युवक सड़क किनारे सवारी का इंतजार कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रही एक बस ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और बस चालक की तलाश की जा रही है।




