नकली सोना देकर 8 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार; नगदी व सामान बरामद

दैनिक बुद्ध का संदेश
संत कबीरनगर।जनपद संत कबीरनगर पुलिस ने नकली सोना देकर 8 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से 8 लाख रुपये नगद, 3 मोबाइल, करीब 200 ग्राम पीली धातु (नकली सोने) के बिस्कुट, एक वर्दी सेट, आधार कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली खलीलाबाद व एसओजी तथा सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को डडवा नहर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार राव (निवासी बस्ती, हाल पता महराजगंज) और संजय चौधरी (निवासी संत कबीरनगर, होमगार्ड) के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, 23 मार्च 2026 को आरोपियों ने कुशीनगर निवासी गल्ला व्यापारी सन्नी कुमार गुप्ता को सोने का बिस्कुट बेचने के बहाने बुलाया। मुलाकात के दौरान आरोपियों ने नकली सोने का बिस्कुट देकर 8 लाख रुपये ठग लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रकम लेकर फरार हो गए।26 मार्च को पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना कबूल कर ली है।पुलिस जांच में पता चला कि दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।सफल गिरफ्तारी और बरामदगी पर पुलिस अधीक्षक ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।




