आरोग्य मेले की व्यवस्थाओं को लेकर डीएम शख्त, अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरानी नौगढ़ तथा नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कंदवा बाजार धुसरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। पुरानी नौगढ़ स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर डीएम ने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, टीकाकरण कक्ष व प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों के उपचार, दवाओं की उपलब्धता और दैनिक ओपीडी के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण में दोनों केंद्रों पर ओपीडी की संख्या काफी कम पाई गई, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि आरोग्य मेले का पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं किया जा रहा है।डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से मेले का व्यापक प्रचार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। साथ ही कम ओपीडी के लिए संबंधित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।इसके बाद डीएम ने कंदवा बाजार धुसरी स्थित स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहां आयोजित शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, परिवार नियोजन एवं जांच सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक भी प्राप्त किया।निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए डीएम ने परिसर में साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, पेयजल और मरीजों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला शासन की महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लोगों को निःशुल्क और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि मेले में संचालित योजनाओं के स्टॉल नहीं लगाए गए थे और प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से कैंप भी नहीं लग रहे थे। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई गई तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डॉ. अनूप जायसवाल (एमओआईसी नौगढ़), डॉ. विजय कुमार (पीएसडब्ल्यू), अनंत प्रकाश (डीईआईसी मैनेजर), रवि प्रकाश (बीसीपीएम नौगढ़) सहित अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




