अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना सोनवा का वार्षिक निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं की सराहना

दैनिक बुद्ध का संदेश
श्रावस्ती। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम द्वारा थाना सोनवा का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्हें सम्मान गार्द द्वारा सलामी दी गई। निरीक्षण के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने रजिस्टर नंबर-8, अपराध रजिस्टर, एक्टिव लिस्ट, बीट सूचना रजिस्टर, फ्लाई शीट, बीपीओ रजिस्टर, शस्त्र सत्यापन रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, प्रार्थना पत्र एवं न्यायालय आदेश पुस्तिका सहित विभिन्न अभिलेखों की सूक्ष्म जांच की। साथ ही त्योहार रजिस्टर की भी विशेष रूप से समीक्षा करते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने थाना परिसर, सीसीटीएनएस कार्यालय, साइबर हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण किया। मिशन शक्ति केन्द्र पर तैनात महिला पुलिस कर्मियों से उनके कार्यों की जानकारी ली और महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाने के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक ने बंदीगृह, शस्त्रागार, मालखाना, आरक्षी बैरक एवं भोजनालय का भी बारीकी से निरीक्षण किया। थाना परिसर की स्वच्छता एवं अनुशासनात्मक व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने कार्यस्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ऑपरेशन क्लीन के अंतर्गत थाना परिसर में खड़े लावारिस एवं मुकदमाती वाहनों के शीघ्र निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी को प्रतिदिन जनसुनवाई कर शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए भी निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर होने वाले प्रत्येक कार्य की जानकारी आरक्षियों तक पहुंचाई जाए तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही रात्रि गश्त, बीट पुलिसिंग, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। इस अवसर पर थानाध्यक्ष सोनवा विसुनदेव पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




