श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, मची चीख-पुकार; आधा दर्जन घायल

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर/डुमरियागंज। जनपद के डुमरियागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत अगया के समीप श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में लगभग 80 श्रद्धालु सवार थे, जो देवी दर्शन के लिए जा रहे थे। इस दुर्घटना में करीब आधा दर्जन यात्रियों को चोटें आई हैं।जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं की यह बस टेगहवा गौरा चौकी से बलरामपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ तुलसीपुर देवीपाटन मंदिर जा रही थी। जैसे ही बस डुमरियागंज के अगया क्षेत्र के पास पहुँची, चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही डुमरियागंज पुलिस मौके पर पहुँची। ग्रामीणों के सहयोग से बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। प्राथमिक उपचार के बाद मामूली रूप से घायल आधा दर्जन श्रद्धालुओं की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी 80 यात्रियों को सुरक्षित उनके घर वापस भेजने का प्रबंध किया है।




