
पयागपुर/बहराइच। जनपद में तकनीकी नेटवर्क समस्या के कारण रसोई गैस की बुकिंग और वितरण व्यवस्था प्रभावित हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम और सर्वर में दिक्कत आने के कारण गैस सिलेंडर की डिलीवरी में देरी हो रही है, जिससे गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ लगने लगी है।
हालांकि एजेंसी संचालकों का कहना है कि गैस सिलेंडरों का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, लेकिन सर्वर व्यस्त रहने के कारण बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लगातार गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रहा है।
विकास गैस एजेंसी पयागपुर के मालिक महिपाल सिंह ने बताया कि एजेंसी पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, लेकिन सर्वर की व्यस्तता के चलते सिलेंडर की डिलीवरी में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे सुबह 7 बजे से पहले और शाम 6 बजे के बाद ऑनलाइन या टोल-फ्री नंबर के माध्यम से गैस बुकिंग करें, ताकि तकनीकी समस्या के बीच भी वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके।




