छापेमारी कर एक घर से बरामद किये 14 घरेलू गैस सिलेंडर, मुकदमा दर्ज
पूर्ति अधिकारी ने आरोपी अनिल कुमार के खिलाफ ढेबरुआ थाने में दर्ज कराया मुकदमा

दैनिक बुद्ध का संदेश शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर।रसोई गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। डीएम के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तहसील शोहरतगढ़ के विकासखंड बढ़नी क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक घर से 14 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रत्नेश मिश्र और पूर्ति निरीक्षक राणा प्रताप सिंह को ग्राम टीकम में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने पुलिस टीम के साथ मिलकर अनिल कुमार यादव पुत्र अदिका प्रसाद के घर पर औचक छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के अंदर से 14 रसोई गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। अधिकारियों ने सभी सिलेंडरों को तत्काल जब्त कर नजदीकी गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया। जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि डीएम की अनुमति प्राप्त करने के बाद आरोपी अनिल कुमार के खिलाफ ढेबरुआ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन करने वाले और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




