दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्र का लिया जायजा

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने बुद्ध विद्या पीठ डिग्री कॉलेज का औचक निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।बता दें कि आगामी 14 एवं 15 मार्च 2026 को होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए सिद्धार्थनगर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने बुद्ध विद्या पीठ डिग्री कॉलेज में बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल, शौचालय और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र के सभी सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहें और उनकी सतत निगरानी की जाए।परीक्षा की गोपनीयता और मर्यादा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होगा।अभ्यर्थियों के लिए मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल और प्रवेश द्वार पर सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की कड़ी तलाशी ली जाए ताकि कोई भी अनुचित सामग्री अंदर न जा सके। उन्होंने परीक्षा के दौरान शहर में यातायात प्रबंधन और केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग लगाने के भी निर्देश दिए।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कहा कि परीक्षा का सफल संचालन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्वाभ्यास करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ज्ञान प्रकाश, उपजिलाधिकारी नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।




