बाइक से इंडो-नेपाल बॉर्डर से हो रही खाद तस्करी

मोहाना/सिद्धार्थनगर। जिले के मोहाना-लोटन बॉर्डर क्षेत्र में खाद तस्करी जोरों पर है। तस्कर रसियावल खुर्द, सेमरी, चनरैया और भरमी से उर्वरक लाकर हरिवंशपुर चौकी होते हुए ठोठरी बॉर्डर तक पहुंचा रहे हैं। वहां से यह खाद नेपाल भेजी जा रही है। भारत में यूरिया खाद की सरकारी कीमत 266.50 रुपए प्रति बोरी है। जबकि यही यूरिया खाद नेपाल में 1450 रुपये में बिक रही है। कीमतों के इस अन्तर का फायदा तस्कर उठा रहे हैं। आपको बता दें कि चनरैया गांव के ग्रामीणों ने खाद तस्करी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है वीडियो में बाइक सवार तस्कर तेज रफ्तार में उर्वरक ले जाते दिखे। ग्रामीणों के मुताबिक इन बाइकों पर नम्बर प्लेट नहीं होती। ये 70-80 की स्पीड से चलती हैं। इससे क्षेत्र में दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस सम्बन्ध में जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है। वे जांच करायेंगे और तस्करों पर कार्रवाई करेंगे। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार यही आश्वासन मिलता है। लेकिन न तो कोई तस्कर पकड़ा जाता है और न ही तस्करी रुकती है। प्रशासन की सुस्ती और पुलिस की निष्क्रियता से तस्कर बेखौफ हैं। इस तस्करी से सरकारी कृषि नीति को नुकसान हो रहा है। साथ ही यह सीमा सुरक्षा के लिए भी चुनौती बन रही है।




