जनपदीय एण्टी रोमियो स्क्वायड टीमों द्वारा महिलाओं/बालिकाओं को किया गया जागरुक

दैनिक बुद्ध का संदेश
गोन्डा जनपद में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत महिला एवं बालिका सुरक्षा,सम्मान एवं आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों एवं एण्टी रोमियो स्क्वायड टीमों द्वारा आज विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए।इस दौरान गांवों,कस्बों एवं सार्वजनिक स्थलों पर चौपाल लगाकर स्थानीय महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया गया।कार्यक्रम के दौरान टीमों द्वारा महिलाओं/बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण, साइबर अपराध से बचाव, आत्मरक्षा के उपाय तथा कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई।मिशन शक्ति की महिला पुलिसकर्मियों द्वारा उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं से उनकी व्यक्तिगत एवं सामाजिक समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा उनके आवागमन के दौरान होने वाली संभावित परेशानियों पर चर्चा की गई।इस अवसर पर महिलाओं/बालिकाओं से फीडबैक फॉर्म भरवाए गए, जिनके माध्यम से संवेदनशील एवं हॉटस्पॉट क्षेत्रों को चिन्हित किया गया।साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए मनचलों को एण्टी रोमियो स्क्वायड टीम द्वारा रेड कार्ड जारी कर सख्त चेतावनी दी गई, जिससे भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति न हो।




