बोर्ड की परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच हुई शुरू

दैनिक बुद्ध का संदेश
पयागपुर/बहराइच। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत आज बुधवार को हुई कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में पहले दिन बोर्ड की परीक्षा संपन्न हुई । प्रशासन की सख्ती और विद्यार्थियों के उत्साह ने पहले ही दिन परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन की एक मिसाल पेश की। परीक्षार्थी सुबह से ही विभिन्न केंद्रों के बाहर खड़े हुए दिखाई दिए । छात्र-छात्राएं प्रवेश पत्र के माध्यम से अपनी कक्षाओं की जानकारी लेते और अंतिम समय तक तैयारी दोहराते नजर आए। प्रशासन ने नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पयागपुर- पयागपुर ब्लॉक के कौशलेंद्र विक्रम सिंह इंटर कॉलेज कोट बाजार, रामनारायण सिंह इंटर कॉलेज रामनगर खजुरी, अरुण मेमोरियल इंटर कॉलेज अकरौरा, राम प्रकाश इंटर कॉलेज सुहेलवा पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहे,सघन तलाशी के बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा हाल में प्रवेश करने दिया गया। अरुण मेमोरियल इंटर कॉलेज अकरौरा में पहली पाली (हाई स्कूल) में 12 और दूसरी पाली (इंटरमीडिएट) में 5 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। केंद्र व्यवस्थापक के नेतृत्व में आज पहले दिन की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। कहीं भी किसी भी प्रकार की कोई भी दिक्कत नहीं हुई। विशेश्वरगंज- विशेश्वरगंज ब्लॉक के विजय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्छर, श्री नन्द इंटर कॉलेज पहुँचकट्टा, सम्राट अशोक एमकेपी इंटर कॉलेज पुरैनाबाजार, मोक्षद्वार इंटर कॉलेज कुरसहा, ब्राइट वे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तकिया बेलास, माया देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुलाकी पुरवा बसनेरा तथा वीर इंटर कॉलेज धनुही समेत सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहे। केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। कई केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर निगरानी और कड़ी कर दी गई है। लगातार मजिस्ट्रेट की गाड़ियां हर परीक्षा केन्द्रों पर दौड़ती हुई नजर आई। समय पालन को लेकर भी सख्ती बरती गई। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले ही केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए। देर से पहुंचने वाले कुछ परीक्षार्थियों को बाहर ही रुकना पड़ा, जिससे अन्य छात्रों में समय पर पहुंचने को लेकर जागरूकता बढ़ी। पहले दिन छात्रों में आत्मविश्वास के साथ हल्की घबराहट भी झलकती रही। घंटी बजते ही परीक्षा कक्षों में सन्नाटा छा गया और विद्यार्थी प्रश्नपत्र हल करने में जुट गए। बाहर खड़े अभिभावक बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए परीक्षा समाप्त होने तक इंतजार करते रहे। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पूरी परीक्षा अवधि में कंट्रोल रूम से भी ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्वक और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। कड़ी निगरानी और अनुशासन के बीच परीक्षा का सफल आगाज होने से यह संदेश स्पष्ट है कि इस बार बोर्ड परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ कराई जाएगी।




