गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशबलरामपुर

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 10 फरवरी को, 13 फरवरी को होगा मॉप-अप राउंड

दैनिक बुद्ध का संदेश
बलरामपुर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत जनपद बलरामपुर में 10 फरवरी 2026 को व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उन्हें स्वस्थ एवं सशक्त बनाना है। सीएमओ डॉ. रस्तोगी ने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर 1 वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों व किशोरों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की देखरेख में दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों में एनीमिया, कुपोषण, कमजोरी और सीखने की क्षमता को प्रभावित करता है। इस अभियान के माध्यम से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि जो बच्चे किसी कारणवश 10 फरवरी को दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें कवर करने के लिए 13 फरवरी 2026 को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रहे। सीएमओ ने जनपद के अभिभावकों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें और बच्चों को दवा अवश्य दिलाएं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!