राष्ट्रीय सेवा योजना ने किया विश्व कैंसर दिवस पर गोष्ठी एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन

दैनिक बुद्ध का संदेश
इटवा/सिद्धार्थनगर। डॉक्टर राम मनोहर लोहिया डिग्री कॉलेज इटवा के राष्ट्रीय सेवा योजना की डॉ0 राम मनोहर लोहिया इकाई तथा स्वामी विवेकानंद इकाई के तत्वावधान में माता प्रसाद जायसवाल इंटर कॉलेज इटवा में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत कैंसर जैसे गंभीर एवं चुनौतीपूर्ण रोग के प्रति समाज, विशेषकर छात्र-छात्राओं को जागरूक करने हेतु गोष्ठी एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वयंसेवकों द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करने से की गई। गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि इटवा के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉक्टर सलीम ने कहा कि विश्व कैंसर दिवस मनाने का उद्देश्य केवल एक दिवस तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से लोगों को कैंसर के प्रति सतत जागरूक करना, समय पर जांच के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरणा देना है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संतोष कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में बताया कि कैंसर आज वैश्विक स्तर पर मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक बन चुका है। असंतुलित आहार, तंबाकू एवं नशीले पदार्थों का सेवन, पर्यावरण प्रदूषण, तनावपूर्ण जीवनशैली तथा जागरूकता की कमी इसके प्रमुख कारण हैं। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पवन पाण्डेय ने कहा कि यदि कैंसर की पहचान प्रारंभिक अवस्था में हो जाए तो इसका सफल उपचार संभव है। इसलिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, योग, व्यायाम तथा स्वच्छ और संयमित जीवनशैली को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान कैंसर के कारण, प्रभाव, बचाव, उपचार एवं समाज की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। श्रेष्ठ निबंध प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। जिसमें आराध्या, मनदीप, शिवांगी, रिचा, कोमल, घनश्याम, अमित आदि शामिल रहे। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने यह संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जन-जागरूकता से जुड़े अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सभी शिक्षकों जिसमें विवेक तिवारी, नवनीत शुक्ला, राकेश दूबे, राम कुमार, विजेंद्र, आदित्य तथा स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी के सहयोग की सराहना की गई।




