एक दिवसीय शिविर के अन्तर्गत स्वच्छता जागरुकता रैली एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती। राजकीय महाविद्यालय सेहमों बस्ती की राष्ट्रीय सेवा योजना की महात्मा गांधी इकाई द्वारा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० अतुल कुमार पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन में द्वितीय एकदिवसीय शिविर के अन्तर्गत स्वच्छता जागरुकता रैली एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती वन्दना एवं लक्ष्यगीत गायन के साथ हुई। शिविर के प्रथम सत्र में स्थानीय ग्राम सेहमों के प्राथमिक विद्यालय में जाकर स्वयं सेवकों ने मनोयोग से श्रमदान किया। स्वयं सेवकों ने प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में साफ-सफाई की और विद्यालय की ओर जाने वाली सड़क में बने गड्ढे को फावड़ा-तसले से मिट्टी व कंकरीट डालकर भरा। शिविर के द्वितीय सत्र में स्वयं सेवकों द्वारा प्राथमिक विद्यालय से स्थानीय गांव तक एक रैली का आयोजन किया गया। स्वयं सेवकों ने स्वच्छता हेतु स्लोगन के नारे लगाकर गांव वासियों को जागरुक किया। कार्यक्रम का संयोजन व संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ० रिज़वान अहमद ने किया। इस अवसर पर गांव वासी प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका और डॉ० श्याम मनोहर पाण्डेय, डॉ० आनन्द कुमार पाण्डेय, डॉ० प्रीति वर्मा, डॉ० कृष्णकान्त मिश्र व समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।




