शिवपति महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा पर नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता आयोजित

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय शोहरतगढ़ में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अन्तर्गत एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता मंगलवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती को पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सड़क सुरक्षा जैसे गम्भीर विषय को रचनात्मक अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया। बी0एड0 विभाग की छात्रा इन्दु ने प्रथम, प्रियंका ने द्वितीय तथा छात्र विलकलिंटन ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्राचार्य प्रो0 अरविन्द कुमार सिंह ने अपने प्रेरणादायक अभिभाषण में यातायात नियमों के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग तथा मोबाइल के उपयोग से बचने जैसे महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से अपील की कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और समाज को भी जागरूक करें। कार्यक्रम का संचालन बी0एड0 विभाग के सहायक आचार्य डॉ0 प्रवीण कुमार ने कुशलता से किया, जबकि निर्णायक मण्डल में डॉ0 अमित सिंह एवं डॉ0 तुषार रंजन ने निष्पक्ष मूल्यांकन की भूमिका निभाई। यह आयोजन विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति चेतना जागृत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा।




