धर्म रक्षा मंच के तत्वाधान में आयोजित राम राम दंगल में पहलवानों ने दिखाई अपनी ताकत
फाइनल कुश्ती जीतकर नरेश पहलवान राजस्थान बने राम राम केसरी

दैनिक बुद्ध का संदेश
डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। राप्ती नदी तट स्थित परशुराम वाटिका में मौनी अमावस्या पर लगने वाले मेले में धर्म रक्षा मंच के तत्वाधान में दो दिवसीय राम राम कुश्ती दंगल के दूसरे दिन पहलवानों ने अपनी ताकत की आजमाइश की। रविवार को आयोजित दंगल के दूसरे दिन नेपाल, भूटान राष्ट्र सहित कई प्रदेशों से आए पहलवानों ने कुश्ती के दांव-पेंच दिखाए। दंगल में पहलवानों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी दी। दंगल देखने के लिया हजारों हजार की संख्या में भीड़ जुटी रही। इस वर्ष दंगल में विभिन्न जगहों के 56 से अधिक पहलवानों ने ताल ठोक कर अपना दमखम दिखाया। पहले व दूसरे दिन के दंगल में 1100 रुपये से लेकर 21000 रुपए तक की 72 से अधिक कुश्तियां करवाई गई। जहां विजेता पहलवानों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। वही आए हुए अतिथियों को पूर्व विधायक द्वारा मोमेंटो व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। दंगल के दूसरे दिन महामुकाबले का आयोजन हुआ, जिसमें शनिवार को विजयी हुए पहलवानों के बीच 16 कुश्ती हुई, जिसमें विजई पहलवानों के बीच क्वार्टर फाइनल, सेमी फाइनल और फाइनल कुश्ती मुकाबला हुआ, जिसमें फाइनल विजेता नरेश पहलवान को राम राम केसरी की उपाधि व 21 हजार रुपए का नगद राशि, गदा व मोमेंटो तथा उपविजेता सर्वेश तिवारी पहलवान को 51 सौ रुपए देकर पुरस्कृत किया गया। फाइनल में नरेश पहलवान पंजाब केशरी और सर्वेश तिवारी उत्तर प्रदेश केशरी के बीच काफी रोमांचक कुश्ती हुए जिसमें नरेश पहलवान विजई हुए और उन्हें राम राम केसरी की उपाधि दी गई। दूसरे दिन के कार्यक्रम का आरम्भ मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, सदर विधायक श्यामधनी राही, एडीएम गौरव श्रीवास्तव व पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने विधि विधान से पूजन के उपरांत फीता काटकर किया। दूसरे दिन की पहली कुश्ती में मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, सदर विधायक श्यामधनी राही, एडीएम गौरव श्रीवास्तव ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर दंगल शुभारंभ करवाया। दूसरे दिन की कुश्ती में 40 कुश्तियों में विजई पहलवानों को पुरस्कृत किया गया। दंगल में नेपाल, भूटान, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, अयोध्या, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, मध्य प्रदेश, केरल सहित कई राज्यों के पहलवान सम्मालित हुए और इन्होंने कुश्ती के नये-नये दांव पेंच दिखाते हुए अखाड़े में खूब जोर आजमाइश की। पहलवानों के दांव, पेच कुश्ती को देखकर दर्शक काफी रोमांचित हुए। राम राम केसरी के लिए विक्की, चिम चिम डोगरा, लक्की थापा, पंडित थापा, सर्वेश तिवारी, नरेश, शास्त्री, शमशेर आदि पहलवानों के बीच कुल 16 कुश्तियां कराई गई। जिसमें चिम चिम डोगरा व सर्वेश तिवारी के बीच में सर्वेश तिवारी विजई, नरेश व शमशेर के बीच नरेश पहलवान विजई, लक्की थापा व शास्त्री में लक्की थापा विजई, पंडित थापा व विक्की की कुश्ती बराबर पर छुटी जिस पर सिक्का उछालकर टास करने पर पंडित थापा विजई होकर क्वाटर फाइनल फाइनल में पहुंचे। फाइनल कुश्ती के पहलवानों का हाथ बस्ती मंडल के पुलिस महानिरीक्षक संजीव त्यागी, पुलिस अधिक्षक डा. अभिषेक महाजन, पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने मिलवाकर दंगल शुरू करवाया। सेमी फाइनल में नरेश व लक्की थापा के बीच नरेश पहलवान विजई, पंडित थापा व सर्वेश तिवारी के बीच में पंडित थापा ने काफी मशक्कत के बाद बिना हारे ही सर्वेश तिवारी को विजई बना दिया। इस दौरान कुश्ती दंगल देखने आई भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट से पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। पुलिस महानिरीक्षक संजीव त्यागी, पुलिस अधिक्षक डा. अभिषेक महाजन ने युवाओं को पहलवानों से प्रेरणा लेने की बात कही। पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि भारतीय प्राचीन खेलों में से दंगल एक महत्वपूर्ण खेल है। दंगल की परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है। ग्रामीण क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने व युवाओं में देश भक्ति की भावना का संचार करने हेतु ऐसे आयोजन आवश्यक हैं। कुश्ती करने से युवा शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है, कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन युवाओं व विद्यार्थियों में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि मौनी अमावस्या के पर्व पर लगने वाले मेले में हमेशा दंगल का आयोजन होता हैं, इस परंपरा को जीवित रखने और युवाओं को मंच देने के लिए मैं हर वर्ष यह राम राम दंगल का कार्यक्रम हर वर्ष निरंतर करवाता रहूंगा। मंच का संचालन अभिषेक त्रिपाठी युवराज ने, दंगल में रेफरी की भूमिका मंगला पहलवान गाजीपुर निभाई। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए पुलिस के जवान मुस्तैदी से जुटे रहे। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डा. सतीश द्विवेदी, कन्हैया पासवान, उपेंद्र सिंह, रामकुमार कुंवर, यशकांत सिंह, फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, अजय उपाध्याय, अनिल जायसवाल, शंभूनाथ सोनी, दिलीप उर्फ छोटे पाण्डेय, राजन अग्रहरि, शिवरतन अग्रहरि, हरि सिंह, पप्पू श्रीवास्तव, विष्णु श्रीवास्तव, संजय गौतम, रघुनंदन पाण्डेय आदि ने पहलवानों का हाथ मिलाकर कुश्ती आरंभ करवाया और विजई पहलवानों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया। इस दौरान कार्यक्रम के एसडीएम राजेश कुमार, तहसीलदार रविकुमार यादव, ईओ सचिन कुमार लवकुश ओझा, डा. दशरथ चौधरी, चन्द्र प्रकाश चौधरी, धर्मराज वर्मा, मधुसूदन अग्रहरि, शैलेश सिंह, शत्रुहन सोनी, हरीश पाण्डेय, प्रेम नारायण दुबे, अजय अग्रहरि, महंत मिश्रा आदि सहित भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहें।
डुमरियागंज के पहलवानों ने भी अखाड़े में दिखाया दम
डुमरियागंज सिद्धार्थनगर। राप्ती नदी तट स्थित परशुराम वाटिका में दूसरे दिन आयोजित राम राम कुश्ती दंगल में डुमरियागंज के पहलवानों ने भी जोर लगाया। डुमरियागंज सुरेंद्र पहलवान फायर ब्रिगेड सिपाही डुमरियागंज व पंडित थापा नेपाल, मोहित कानपुर के बीच हुई दो कुश्ती सुरेंद्र पहलवान फायर ब्रिगेड सिपाही डुमरियागंज विजई हुए। वहीं मोहित पहलवान कानपुर व आकाश पहलवान शाहपुर पंचमुखी अखाड़ा शाहपुर के बीच आकाश पहलवान विजई हुए। इस दौरान दर्शकों में काफी उत्साह दिखा दर्शकों ने आकाश को कंधे पर बिठाकर बधाई व पुरस्कार दिया।




