शाक्ति पीठ मां पल्टादेवी मंदिर परिसर की हुई साफ सफाई, लोगों ने लिया माता जी से आशीर्वाद

चिल्हियां/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड शोहरतगढ क्षेत्र में स्थित प्राचीन शक्तिपीठ माता पल्टादेवी मंदिर के परिसर में शनिवार को शोहरतगढ ब्लाक के सफाई कर्मचारियों द्वारा साफ सफाई का कार्य किया गया। परिसर की साफ सफाई का कार्य खण्ड विकास अधिकारी शोहरतगढ़ चन्द्र भूषण तिवारी व प्रधान संघ जिलाध्यक्ष व एमएलसी प्रतिनिधि डा0 पवन मिश्रा के मौजूदगी में किया गया। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व मां पल्टादेवी मंदिर पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहती है, जिससे डा0 पवन मिश्र व मंदिर के महन्त के पहल पर सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को शक्तिपीठ मां पल्टादेवी मंदिर परिसर व रास्तों पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता का सन्देश दिया और अपने आस-पास सफाई के प्रति लोगों को जागरूक किया। नवरात्रि के पावन पर्व पर डा0 पवन मिश्रा ने बताया कि नारी शक्ति, समाज में अच्छाई की जीत और देवी के नौ रूपों की पूजा के महत्व पर केन्द्रित होना चाहिए। उन्होंने बताया कि नवरात्रि केवल देवी की पूजा नहीं, बल्कि हर इंसान में मौजूद आन्तरिक शक्ति को पहचानना और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है, जिससे जीवन में प्रेम और पवित्रता आयें। वहीं खण्ड विकास अधिकारी चन्द्र भूषण तिवारी ने कहा कि यह त्योहार केवल देवी दुर्गा की पूजा का ही नहीं, बल्कि नारी शक्ति को सम्मान देने का प्रतीक है। यह याद दिलाता है कि हर स्त्री के भीतर असीम शक्ति समाहित है। जिस तरह देवी दुर्गा ने बुराई पर विजय प्राप्त की, उसी तरह समाज में बुराई पर अच्छाई की जीत सुनिश्चित करने में हर नागरिक खासकर नारी शक्ति, को आगे आना होगा। इस दौरान बीडीओ चन्द्र भूषण तिवारी, डा0 पवन मिश्रा, मंदिर के पुजारी व महन्त घनश्याम गिरी, चन्दन गिरी, सुधाकर गिरी, सेक्रेटरी अजय भारतीया, रोजगार सेवक विजय दूबे के साथ काफी संख्या में शोहरतगढ ब्लाक के सफाई कर्मचारी मौजूद रहें।




