महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी के परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान

बस्ती। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी, बस्ती में 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती विद्यालय परिसर में स्वच्छता दिवस के रूप में बड़े ही हर्ष एवं उत्साह के साथ मनायी गई। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्रबन्धक धीरेन्द्र शुक्ला, डॉ. राजन शुक्ल एवं प्रबन्ध निदेशक विनय शुक्ल ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेन्द्र सिंह एवं प्रधानाचार्या श्रीमती शशिप्रभा त्रिपाठी ने गांधी और शास्त्री के जीवन व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने मिलकर विद्यालय परिसर से लेकर भगत सिंह एवं नेहरू तिराहा, रोडवेज परिसर तक स्वच्छता अभियान चलाया तथा स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। प्रबन्धक धीरेन्द्र शुक्ला ने कहा कि गांधी और शास्त्री का संपूर्ण जीवन त्याग, सेवा और सादगी का प्रतीक है। बच्चों को चाहिए कि वे उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि यह जीवन जीने का संस्कार है। प्रबन्ध निदेशक श्री विनय शुक्ल ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी एवं सेवा का प्रतीक है। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए स्वच्छता को जीवन का मूल लक्ष्य बनाना चाहिए। स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। प्रधानाचार्य नरेन्द्र सिंह ने कहा की गांधी जी ने हमें सिखाया कि सच्ची शक्ति अहिंसा और सत्य में है। स्वच्छता उनके विचारों का मूल स्तंभ था। यदि बच्चे आज से ही स्वच्छता और अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बना लें तो वे न केवल अच्छे विद्यार्थी बनेंगे बल्कि आदर्श नागरिक भी बनेंगे। प्रधानाचार्या श्रीमती शशिप्रभा त्रिपाठी ने अपने सम्बोधन में कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन यह प्रेरणा देता है कि सीमित संसाधनों के बावजूद ईमानदारी और परिश्रम से बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्श आज भी यह संदेश देते हैं कि स्वच्छता, सादगी और सेवा से ही सशक्त भारत का निर्माण संभव है। इस अवसर पर आचार्य बसन्त गुप्ता, अभिनय प्रकाश पाण्डेय, श्रवण कुमार चौधरी, संतोष सिंह, राकेश पाण्डेय, संजय प्रजापति, मनोज मिश्रा, वकील चौधरी, राजेश पाण्डेय, सुधांशु श्रीवास्तव, उत्कर्ष दूबे, शुभम् मिश्रा, सजल, आन्नद सिंह, अमन मिश्रा , रुद्र प्रताप सिंह, स्तुति मिश्रा, अपराजिता मिश्रा, कमलोज मिश्रा, नम्रता पाण्डेय, पूजा उपाध्याय, खुशबू श्रीवास्तव, मधुप्रिया मिश्रा, रंजना यादव, आदि अध्यापक अध्यापिकांए उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




