पुल की एप्रोच नहीं बनी, आवागमन में दिक्कत व परेशानी

पकड़ी बाजार/सिद्धार्थनगर। तहसील क्षेत्र शोहरतगढ़़ के मेहनौली गांव के पास बानगंगा नहर कैनाल पे बने पुल का एप्रोच क्षतिग्रस्त हो जाने से राहगीरों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद सड़क कीचड़ से सन गई है, जिससे आवागमन और कठिन हो गया है। ग्राम पंचायत मेहनौली के पास बानगंगा नहर कैनाल पर लाखों की लागत से करीब तीन वर्ष पहले सिंचाई विभाग की ओर से पुल का निर्माण किया गया है। निर्माण कार्य के दौरान पुल के एप्रोच को सही तरीके से नहीं बनाया गया है, जिसके चलते बारिश के समय इस पुल के दोनों तरफ एप्रोच पर डाली गई मिट्टी बारिश से क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते इस पुल से राहगीरों को चार पहिया और दो पहिया वाहन को लेकर आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुल के लिए लोग अनेक बार कह चुके हैं, पर अभी तक इसको सही नहीं किया गया, जिससे इसकी स्थिति अभी वैसे बनी हुई है। क्षेत्र के हरि, गोविन्द उपाध्याय, प्रधान प्रतिनिधि रामू साहनी, डब्लू साहनी, नरसिंह पाण्डेय, चन्दन उपाध्याय, प्रदीप कुमार पाण्डेय आदि ने सही कराने की मांग की है।




