गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

मकर संक्रांति पर राप्ती तट पर हुआ हिन्दू समरसता खिचड़ी भोज, सामाजिक एकता और भाईचारे का दिया संदेश

दैनिक बुद्ध का संदेश
डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। मकर संक्रांति एवं माघ मेला के पावन अवसर पर कस्बे के राप्ती नदी तट स्थित छठ घाट पर शुक्रवार को कर्म योगी परिवार के तत्वावधान में राम-राम सहभोज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्व समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और सामूहिक खिचड़ी भोज का आनंद लेते हुए सामाजिक समरसता का संदेश दिया। समरसता भोज कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक एवं हियुवा उ. प्र. के प्रभारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह रहे। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि व्रत, पर्व और त्योहारों के कारण ही सनातन धर्म जीवंत है, और इन परंपराओं को चिरकाल तक बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और समरसता को मजबूत करने के लिए ऐसे सहभोज कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। पूर्व विधायक ने बताया कि मकर संक्रांति से लेकर संत रविदास जयंती तक पूरे जनपद में समरसता सहभोज कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सहभोज के माध्यम से समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, छुआछूत और भेदभाव जैसी कुरीतियों का अंत होता है। जब अमीर-गरीब, ऊंच-नीच का भेद मिटाकर सभी एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं, तो सामाजिक एकता की सशक्त मिसाल सामने आती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हिन्दू समाज की एकजुटता ही राष्ट्रविरोधी शक्तियों के मंसूबों को विफल कर सकती है और यही एकता समाज, प्रदेश व राष्ट्र के विकास को मजबूती प्रदान करती है। कार्यक्रम को लवकुश ओझा, धर्मराज वर्मा, चंद्र प्रकाश चौधरी, मधुसूदन अग्रहरि एवं राजेंद्र धुरिया आदि ने भी संबोधित किया और समरसता भोज के सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक युवराज ने किया। कार्यक्रम के समापन पर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने एक साथ बैठकर खिचड़ी भोज का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान सनातन धर्म और जय श्रीराम के नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा। इस दौरान नीरजमणि त्रिपाठी, दिलीप उर्फ छोटे पाण्डेय, लालजी शुक्ला, राजन अग्रहरि, अमरेंद्र त्रिपाठी, पप्पू श्रीवास्तव, संजय मिश्रा, शत्रुहन सोनी, रमेशधर द्विवेदी, राजकुमार चौधरी, अवधेश चौधरी, प्रेम पाण्डेय, धर्मेश पाण्डेय, बब्बू पाठक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!