स्वास्थ्य मेले के निरीक्षण में सीएमओ ने परखी व्यवस्थाएं

दैनिक बुद्ध का सन्देश
पयागपुर/बहराइच।सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का रविवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र पयागपुर के खुटेहना और रामनगर खजुरीमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मेले में आने वाले मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण, जांच सुविधाओं एवं पंजीकरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के माध्यम से जनसामान्य को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जाए तथा शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी प्रत्येक लाभार्थी तक सुनिश्चित रूप से पहुंचे। सीएमओ बहराइच ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आमजन को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मेले में आने वाले मरीजों के साथ शालीन व्यवहार रखा जाए, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा गंभीर रोगियों को आवश्यकतानुसार उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर समय रहते रेफर किया जाए। उन्होंने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ करें, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के जरूरतमंद नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।आयुष्मान गोल्डन कार्ड कैंप के निरीक्षण पर आयुष्मान मित्र रोहित से बनाए गए कार्ड की जानकारी प्राप्त की जिस पर बताया कि आज 19 कार्ड बनाए जा चुके हैं। आरोग्य मेले में क्षेत्र में बचे हुए लोगों को कवर करने के लिए प्रतिदिन शिविर आयोजित कर बनाए जाने के निर्देश प्रभारी चिकित्साधिकारी को दिए गए। पीएचसी पर मिली अव्यवस्था पर संबंधित फार्मासिस्ट और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को सुधार न होने तक वेतन बाधित किया गया है। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ संदीप मिश्रा बीपीएम अनुपम शुक्ल डॉ आयुषी सिंह, डॉ अब्दुल वाहिद सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। पयागपुर स्वास्थ्य क्षेत्र में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। मेले में 79 पुरुष 66 महिलाओं और 45 बच्चों सहित कुल 190 लाभार्थियों को स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई।




