नेपाल में धार्मिक तनाव के बाद सीमावर्ती जिलों में भी अलर्ट

खुनुवां/बढ़नी/सिद्धार्थनगर। पड़ोसी देश नेपाल के परसा जिला प्रशासन कार्यालय (डीएओ) ने टिक टॉक वीडियो को लेकर जारी धार्मिक तनाव के मद्देनजर बीरगंज शहर में कर्फ्यू की अवधि मंगलवार दोपहर तक बढ़ाई, लेकिन बाद में कर्फ्यू हटा लिया। इससे पहले स्थानीय प्रशासन द्वारा सोमवार दोपहर जिले के कुछ हिस्सों में निषेधाज्ञा जारी करने के बाद भी दो पक्षों में झड़पों को देखते हुए कर्फ्यू कुछ घन्टे बढ़ाया था। वहीं नेपाल में तनाव के मद्देनजर सीमावर्ती जिलों सिद्धार्थनगर और महराजगंज में भी पुलिस और एसएसबी अलर्ट हैं। सिद्धार्थनगर में ककरहवा से लेकर बढ़नी बॉर्डर तक और महराजगंज मे सोनौली से ठूठीबारी तक मुख्य आवागमन के रास्तों के साथ ही पगडंडियों पर पहरा बढ़ गया है। सीमापार से हर आने जाने वालों की गहन जांच की जा रही है। खिचड़ी पर्व को देखते हुए भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। थानाध्यक्ष शोहरतगढ़़ नवीन कुमार सिंह एवं ढेबरुआ थानाध्यक्ष नरायन लाल श्रीवास्तव ने बताया कि नेपाल की स्थिति को देखते हुए सीमा पर चौकसी बढ़ाई गई है। सीमा पार करने वालों से विशेष पूछताछ की जा रही है। वहीं अलीगढ़वा व ककरहवा पर सुरक्षा एजेन्सी और लोकल थाने की पुलिस अलर्ट नजर आयीं। वहीं नेपाल में जिला प्रशासन सभी से अपील की है कि वे ऐसा कुछ भी न करें जिससे पूरे समुदाय को ठेस पहुंचे, आम जनता भड़के या किसी व्यक्ति विशेष की गतिविधियों के कारण धार्मिक और सामाजिक सौहार्द बिगड़े




