वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जोगिया में हिंदू सम्मेलन हेतु भूमि पूजन संपन्न

सिद्धार्थनगर। जोगिया क्षेत्र में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के उद्देश्य से ‘हिन्दू आयोजन समिति’ द्वारा प्रस्तावित हिंदू सम्मेलन के लिए भूमि पूजन मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। भूमि पूजन कार्यक्रम में आरएसएस के जिला प्रचारक श्री विशाल जी एवं जिला कार्यवाह श्री शिवेंद्र सिंह जी उपस्थित रहे। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन की भूमिका, सामाजिक दायित्वों और राष्ट्रसेवा के मूल्यों पर मार्गदर्शन दिया। जिला प्रचारक श्री विशाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक केंद्र समाज को जोड़ने और युवाओं में संस्कारों के संवर्धन का कार्य करते हैं। यह भविष्य में धार्मिक, सामाजिक एवं राष्ट्रप्रेरित गतिविधियों का सशक्त मंच बनेगा। आचार्य द्वारा भूमि पूजन की समस्त प्रक्रिया विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराई गई, जिसमें उपस्थित लोगों ने श्रद्धापूर्वक आहुतियां दीं। इस अवसर पर सह जिला कार्यवाह अविनाश जी, दिवाकर विक्रम जी, बिपिन जी, महेन्द्र जी, अच्युतानंदन, दीपक मौर्य, अजय उपाध्याय, विश्व हिन्दू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष श्रीष चौधरी जी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


