सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल, करौंदा मसीना में 10 दिवसीय एनसीसी शिविर का उदघाटन

सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल, करौंदा मसीना में 10 दिवसीय एनसीसी शिविर का भव्य उदघाटन किया गया। यह शिविर 10 नवम्बर से 20 नवम्बर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विद्यालय के लगभग 700 कैडेट्स भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, देशभक्ति एवं चरित्र निर्माण की भावना को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. सुशीला सिंह, चेयरमैन म्त. ओ.पी. सिंह, तथा असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. काया सिंह ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन से कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। अपने उद्बोधन में डायरेक्टर डॉ. सुशीला सिंह ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और आत्मविश्वास की भावना का विकास करता है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा जब हमारे युवा शरीर से सशक्त, विचारों से दृढ़ और चरित्र से महान बनेंगे। उन्होंने सभी कैडेट्स से आग्रह किया कि वे इस शिविर से प्राप्त अनुभवों को अपने जीवन में उतारें और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ। चेयरमैन म्त. ओ.पी. सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि एनसीसी युवा पीढ़ी में अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना जगाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि उनमें नेतृत्व और जिम्मेदारी का भाव भी विकसित करते हैं। शिविर के संचालन में कैप्टन कमांडेंट कर्नल वेद प्रकाश पाटीवाल, डेप्युटी कैम्प कैप्टन एस. के. सिंह, कैप्टन उमेश कुमार, ए.एन.ओ. अपर्णा पांडेय, मेजर सूबेदार मनोज कुमार, मेजर सूबेदार प्रहलाद सिंह, तथा मेजर सूबेदार जरनैल सिंह की सक्रिय भूमिका रही। उनके कुशल निर्देशन में कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व एवं शारीरिक दक्षता से संबंधित विभिन्न प्रशिक्षण प्रदान किए जा रहे हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रवीण टोंक, प्रशासनिक अधिकारी स्टेनली फर्नांडिस, तथा कोऑर्डिनेटर हेमन्त दुबे ने शिविर की समस्त व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों का समन्वयन किया। शिविर के दौरान विभिन्न अनुशासनात्मक गतिविधियाँ, परेड प्रशिक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा शारीरिक दक्षता से संबंधित प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी।




