ठाकुर यादवेंद्र सिंह स्मारक फुटबॉल प्रतियोगिता में कानपुर व आसाम की दमदार एंट्री

महराजगंज/सिसवा बाजार।स्थानीय महात्मा गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान में रॉयल स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में चल रही ठाकुर यादवेंद्र सिंह स्मारक ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता रविवार को रोमांच से भरपूर मुकाबलों की साक्षी बनी। प्रतियोगिता के तहत खेले गए दो अहम मैचों में आसाम और कानपुर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले चरण में जगह बना ली।मैचों का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. गौरव सिंह द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। उद्घाटन के पश्चात पहला मुकाबला एमएससी फुटबॉल क्लब तिनसुकिया, आसाम और एफएसी क्लब किशनगंज, बिहार के बीच खेला गया। शुरुआत से ही आसाम की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। मैच के पहले हाफ में आसाम के खिलाड़ी संगम ने शानदार मैदानी गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद बिहार की टीम ने बराबरी के प्रयास किए, लेकिन आसाम की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उसे सफलता नहीं मिली। निर्धारित समय की समाप्ति पर आसाम ने 1-0 से जीत दर्ज की।दिन का दूसरा मुकाबला आदापुर, नेपाल और डीएफए कानपुर के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने पूरे मैच में संतुलित और संघर्षपूर्ण खेल का प्रदर्शन किया। मध्यांतर सहित पूरे निर्धारित समय में कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। अंततः मैच का निर्णय ट्राई ब्रेकर के माध्यम से हुआ, जिसमें कानपुर की टीम ने बेहतर संयम और सटीकता का परिचय देते हुए नेपाल को 5-4 से पराजित कर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया।मैचों के दौरान खेल प्रेमियों की भारी उपस्थिति रही और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन तालियों से किया। आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर शिबू बनारसी,शकील अहमद,गुड्डू जायसवाल, मनोज केसरी, अशोक बंका, आकाश सिंह, दीपक चौधरी, मंजूर अहमद, फरीद अहमद, इलियास अहमद, शैलेश सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।




