फोन पर विवाद के बाद महिला ने लगाई फांसी, मौत

श्रावस्ती। जनपद के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजगढ़ गुलहरिया गांव में शुक्रवार को एक महिला ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला का अपने पति से फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के कुछ देर बाद ही उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगा ली। परिजनों ने जब काफी देर तक कोई हलचल न सुनी तो दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। महिला को तत्काल सीएचसी इकौना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है, और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर व्याप्त है।




