जंगल से लकड़ी चोरी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार

श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने जंगल से अवैध रूप से लकड़ी काटने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से विभिन्न प्रजातियों की कुल 11 बोटा लकड़ी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चन्द्र उत्तम एवं क्षेत्राधिकारी भिनगा सतीश कुमार शर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष सिरसिया शैलकांत उपाध्याय के नेतृत्व में थाना सिरसिया पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रामपुर बंधा क्षेत्र में जंगल से चोरी की गई लकड़ी के साथ एक व्यक्ति मौजूद है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम व वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान से एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शैलेश कुमार यादव पुत्र रामेश्वर यादव, निवासी रामपुर बंधा, थाना सिरसिया, जनपद श्रावस्ती बताया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से 06 बोटा शाखू, 03 बोटा सागौन एवं 02 बोटा शीशम की लकड़ी बरामद की गई। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना सिरसिया पर मु0अ0सं0 358/25, धारा 303(2), 317(2) बीएनएस व 26 भारतीय वन अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई। ।




