सादुल्लाह नगर में जियो इंटरनेट सेवा ठप, आम जनता परेशान

सादुल्लाह नगर/बलरामपुर। सादुल्लाह नगर, जनपद बलरामपुर में पिछले कई दिनों से जियो की इंटरनेट सेवा पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। इसके साथ ही बैंक डाकखाने में भी इंटरनेट न चलने के कारण कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इंटरनेट ठप होने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्र-छात्राएं ऑनलाइन पढ़ाई, फॉर्म भरने और डिजिटल क्लास से वंचित हो रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है। वहीं बैंक और डाकघर में लेन-देन, आधार से जुड़े कार्य, पेंशन, खातों से संबंधित सेवाएं बाधित हैं। ग्रामीणों को दूर-दराज़ के इलाकों में जाकर इंटरनेट की तलाश करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक जियो कंपनी की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया गया, जिससे जनता में रोष बढ़ता जा रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन और जियो प्रबंधन से मांग की है कि जल्द से जल्द इंटरनेट सेवा बहाल कराई जाए, ताकि छात्रों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।




