खेत की जुताई के दौरान पूर्व प्रधान को मारी गोली, हालत गंभीर

श्रावस्ती। श्रावस्ती जनपद के कटरा गांव के पूर्व प्रधान मनीष चौधरी को मंगलवार सुबह बहराइच जनपद के पयागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कलुई पयागपुर में गोली मार दी गई। घटना के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व प्रधान मनीष चौधरी ने अपने घर से लगभग 20 किलोमीटर दूर बहराइच में खेत की जमीन खरीदी थी। मंगलवार सुबह वह अपने खेत की जुताई कराने पहुंचे थे। इसी दौरान खेत से जुड़े विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। आरोप है कि विपक्षियों ने पूर्व प्रधान पर फायरिंग कर दी, जिससे गोली उनकी कनपटी में जा लगी। गोली लगते ही मनीष चौधरी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

