मदरहना उर्फ दत्तपुर में अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को शोहरतगढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत मदरहना उर्फ दत्तपुर में भी ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याएं भी सुनी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्राम पंचायत सचिव अजय भारतीया ने कहा कि ग्राम चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का गांव स्तर पर ही समाधान करना है, जिससे लोगों को अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े। उन्होंने ग्रामीणों से जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए 21 दिनों के भीतर आवेदन करने की अपील करते हुए बताया कि समय से आवेदन करने पर प्रक्रिया सरल एवं सुविधाजनक हो जाती है।उन्होंने राशन कार्ड, फैमिली आईडी, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, किसान सम्मान निधि, व्यक्तिगत शौचालय योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री सड़क दुर्घटना सहायता योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी। इस अवसर पर आरबीआई बैंक के प्रतिनिधि संतोष शुक्ला ने बैंकिंग एवं बीमा सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मशरूम की खेती, अगरबत्ती, मोमबत्ती, अचार एवं मसाला निर्माण जैसे गृह उद्योगों के बारे में जानकारी दी। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, आर्थिक सशक्तिकरण, बैंकिंग सुरक्षा तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान प्रतिनिधि अजय कुमार चौधरी ने ग्रामीणों से स्वच्छता अपनाने और गांव को साफ-सुथरा रखने का आह्वान किया। इस दौरान प्रशासक (ग्राम प्रधान) कुसुमलता, ग्राम पंचायत सचिव अजय भारतीया, प्रधान प्रतिनिधि अजय कुमार चौधरी, रोजगार सेवक दीन दयाल, पंचायत सहायक अभिषेक प्रताप चौधरी, सफाईकर्मी शिवशंकर, लवकुश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




